IMG-20250104-WA0362
Advertisements

कोंडागांव, 04 जनवरी 2025: जिले में भारत स्काउट एंड गाइड ने 3 जनवरी को भारत की पहली महिला शिक्षिका, सावित्रीबाई फुले की जयंती धूमधाम से मनाई। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंडार सिवनी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंघनपुर और शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा बड़ेबेंदरी में हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विष्णु प्रसाद कश्यप, ने सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन महिलाओं और दलित वर्ग को शिक्षित करने के लिए प्रेरणास्त्रोत है।

सावित्रीबाई फुले ने 1841 में महात्मा ज्योतिबा फुले से विवाह के बाद भारत के पहले बालिका विद्यालय की स्थापना की और समाज में व्याप्त रूढ़िवादिता को चुनौती दी। उनके कार्यों में विधवा विवाह को प्रोत्साहित करना, छुआछूत उन्मूलन, महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाना और दलित महिलाओं को शिक्षा के द्वारा सशक्त बनाना शामिल था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन के बारे में बताया गया और उनके कार्यों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को प्रेरित करते हुए बताया कि उनके योगदान के कारण ही आज महिलाएं समाज में सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रही हैं।

कार्यक्रम में भारत स्काउट एंड गाइड के जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू, कब मास्टर पवन कुमार साहू सहित अन्य शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और छात्रों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *