
जिले के समस्त थाना एवं चौकियों के अंतर्गत “राहवीर योजना” के तहत एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता पहुंचाने हेतु नागरिकों को प्रेरित करना तथा योजना की जानकारी देना। अब तक 383 सड़क सुरक्षा मिलान बनाए गए, जिन्हें मेडिकल किट व टोपी वितरित की गई। लगभग 1200 नागरिकों ने इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में इस अभियान को सफलतापूर्वक गांव-गांव पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि “राहवीर योजना” एक स्वैच्छिक नागरिक सहायता कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। यदि एक से अधिक राहवीर हों, तो राशि विभाजित की जाती है। प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा तथा 10 राष्ट्रीय राहवीर को ₹1 लाख का पुरस्कार मिलेगा।
डॉक्टर और पुलिस द्वारा घटना की पुष्टि के बाद सेमेरिटन (राहवीर) को आधिकारिक पत्र प्रदान किया जाएगा जिसमें नाम, घटना स्थल, तारीख, समय और सहायता का विवरण होगा। हिट एंड रन मुआवजा योजना 2022 के तहत गंभीर चोट पर ₹50,000,मृत्यु होने पर ₹2,00,000 का मुआवजा व 3–4 माह में राशि पीड़ित परिवार को प्रदान की जाती है।यह जागरूकता अभियान न केवल लोगों को मदद के लिए प्रेरित कर रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा में समाज की भागीदारी को भी मजबूत कर रहा है।