कोंडागांव, 8 मार्च 2025: आज शनिवार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोंडागांव सिटी कोतवाली में महिला स्टॉफ का सम्मान किया गया। निरीक्षक सौरभ उपाध्याय ने थाने में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों को गुलदस्ता भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और इस खास दिन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर निरीक्षक सौरभ उपाध्याय ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत धारा हैं, और उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने महिला स्टॉफ के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण की सराहना की।
इस कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को प्रेरित करना और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को पहचानना था।