कोंडागांव, 28 फरवरी 2025: स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, जामकोट पारा, कोंडागांव में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी और विज्ञान मॉडल्स की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, मुंबई के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आदर्श दुरेजा थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य शिवलाल शर्मा ने की।
इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडलों का प्रदर्शन किया, जिससे उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हुई। संगोष्ठी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान के महत्व और विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि डॉ. आदर्श दुरेजा ने छात्रों को विज्ञान में रुचि लेने और नवाचार के क्षेत्र में काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “विज्ञान सिर्फ एक विषय नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। युवा वैज्ञानिकों को शोध और अन्वेषण की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।”
विशिष्ट अतिथि जीत शर्मा ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में वैज्ञानिक सोच और उत्साह को बढ़ाते हैं। विद्यालय के प्राचार्य शिवलाल शर्मा ने विज्ञान शिक्षा के महत्व पर बल दिया और छात्रों को यह बताया कि विज्ञान और तकनीक के माध्यम से देश के विकास में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में, विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। जिसमें कक्षा छठवीं की हेतल, काव्या और प्रियांशी का मॉडल न्यूटन डिस्क को उत्कृष्ट मॉडल के रूप में पहला स्थान दिया गया। वहीं कक्षा पांचवी के हर्ष मरकाम के मॉडल को दूसरा स्थान मिला।
इस कार्यक्रम ने छात्रों में वैज्ञानिक चेतना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया, और उनके मन में शोध एवं विज्ञान के प्रति रुचि को और मजबूत किया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान अध्यापिका श्रीमती सीमा नंदेश्वर, सुश्री शर्मिला यादव, श्रीमती गुरनीत कौर एवं सुश्री भारती देवांगन का अहम योगदान रहा।