IMG-20241114-WA0623
Advertisements

कोंडागांव, 14 नवंबर 2024: खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में 21 चेकपोस्ट बनाए हैं, जहां पुलिस, वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 24 घंटे वाहनों की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त, पांच उड़नदस्ता टीमों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

इसी के तहत, कृषि उपज मंडी समिति कोण्डागांव क्षेत्र में 25 अक्टूबर से 09 नवंबर तक पांच व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन व्यापारियों के पास वैध पंजीयन नहीं था और वे अवैध रूप से धान और मक्का का क्रय-विक्रय कर रहे थे। जप्त किए गए माल में 50 बोरा धान और 30 बोरा मक्का (चमरू राम देवांगन), 20 बोरा धान और 50 बोरा मक्का (घड़वा राम मरकाम), 37 बोरा धान (मोहम्मद मैययाज खत्री), 28 बोरा धान और 5 बोरा मक्का (बलराम पाण्डे) तथा 25 बोरा धान और 30 बोरा मक्का (सुखराम मरकाम) शामिल हैं।

इसके अलावा, बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम गम्हरी से 29 क्विंटल के 64 बोरे धान को अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था, जिसे जप्त कर लिया गया। माकड़ी थाना क्षेत्र में भी 202 क्विंटल धान के 450 बोरे को बिना दस्तावेज के परिवहन करते हुए एक वाहन पकड़ा गया, जिसे जप्त कर माकड़ी थाना के सुपुर्द किया गया।

जिला प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध धान और मक्का के व्यापार को रोकने और सुनिश्चित करने के लिए है कि खरीफ विपणन वर्ष के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *