कोंडागांव, 11 जनवरी 2025: कोंडागांव नगरपालिका परिषद के तहत संचालित आश्रय स्थल बेघर और बेसहारा लोगों के लिए राहत का एक महत्वपूर्ण साधन बन चुका है। इस आश्रय स्थल का उद्देश्य गरीब, विधवा, बुजुर्ग महिलाओं, और जरूरतमंद छात्रों को रहने के लिए सुरक्षित और सस्ती जगह उपलब्ध कराना है। यहां एक दिन का किराया मात्र ₹60 रखा गया है, जिससे दूर-दूर से आए छात्र एवं अन्य जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
आश्रय स्थल में कुल 50 बिस्तर उपलब्ध हैं, जिसमें 25 बिस्तर पुरुषों और 25 बिस्तर महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस स्थल की शुरुआत 2019 में हुई थी और जनवरी 2024 तक 20,263 लोग यहां रह चुके हैं, जिनमें 16,000 से अधिक पुरुष शामिल हैं। ठंड के मौसम में यहां ठंड से बचाव के लिए प्रतिदिन रात में अलाव जलाया जाता है और कंबल सहित बिस्तर की व्यवस्था की जाती है।
हाल ही में, पुलिस आरक्षक भर्ती हेतु आश्रय स्थल में 642 बच्चों ने आवास लिया है। इनमें से एक छात्र, राकेश कुमार, जो जांजगीर से आए हैं, ने आश्रय स्थल की सुविधाओं के बारे में बात करते हुए कहा, “यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है। पहले हमें होटल में ₹500 से ज्यादा खर्च करना पड़ता, जो हमारे लिए बहुत महंगा था। अब हमें इतनी कम कीमत में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, इसके लिए हम छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हैं।”
आश्रय स्थल का संचालन “दिशा” महिला एरिया लेवल फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है, जो इस महत्वपूर्ण कार्य को सराहनीय तरीके से पूरा कर रहा है। इस पहल से न केवल गरीब और बेघर लोगों को सहारा मिल रहा है, बल्कि छात्रों और युवाओं को भी एक सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध हो रहा है।
Ramuram Marapi
Ramuram marapi kongud