कोंडागांव, 12 जनवरी 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 जनवरी को कोंडागांव जिले के विकास नगर स्टेडियम में एक भव्य लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले को 288 करोड़ 18 लाख 37 हजार 700 रूपए के 168 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 130 कार्यों का लोकार्पण 208 करोड़ 26 लाख 46 हजार 500 रूपए की लागत से किया जाएगा, जबकि 38 कार्यों का भूमिपूजन 79 करोड़ 91 लाख 91 हजार 200 रूपए की लागत से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जिले के प्रवास के दौरान 188 हितग्राहियों को कुल 58 लाख 84 हजार रूपए की सामग्री भी वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, कांकेर लोकसभा के भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री के द्वारा लोकार्पित प्रमुख कार्यों में जल जीवन मिशन के तहत 212 ग्रामों में सोलर ड्यूल पंप की स्थापना, राष्ट्रीय राजमार्ग के उन्नयन कार्य और कई प्रमुख सड़कों का निर्माण शामिल है। भूमिपूजन के प्रमुख कार्यों में भंवरडीह नदी पर स्टापडेम सह पुलिया निर्माण, उरिदगांव जलाशय के सुधार कार्य, और कोपाबेड़ा जलाशय का सौंदर्यीकरण शामिल हैं।
यह कार्यक्रम कोंडागांव जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।