
कोंडागांव, 11 मार्च 2025: कोंडागांव पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करने के आरोपी पुनम मानिकपुरी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने हाल ही में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
पीड़िता ने बयानार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुनम मानिकपुरी ने जुलाई 2023 से मार्च 2024 तक उसे डरा-धमका कर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। पुनम मानिकपुरी ने बच्चे को अपनाने और पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता जुलाई 2023 में अपने रिश्तेदार के घर बयानार में कक्षा 11वीं की पढ़ाई करने आई थी। उसी दौरान पुनम मानिकपुरी से उसकी मुलाकात हुई।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर धारा 366, 376 (2) (ड), 506 भादवि और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव येदुवल्ली अक्षय कुमार के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी पुनम मानिकपुरी को 11 मार्च 2025 को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक येदुवल्ली अक्षय कुमार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में पुलिस द्वारा त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नरेश साहू, सउनि जगजीत सिंह कवाची, आरक्षक भकचंद पुजारी, महेंद्र सेठिया, चैनसिंग नेताम, श्रवण गावडे और बीरेंद्र नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।