कोंडागांव, छत्तीसगढ़ – 26 जनवरी 2025: 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोंडागांव के चिखलपुट्टी स्थित सामरिक क्षेत्रीय मुख्यालय, आईटीबीपी में तिरंगा फहराया गया। राकेश कुमार, सेनानी (स्टाफ) ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर आईटीबीपी के अधिकारियों और हिमवीरों ने भी राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राकेश कुमार ने आईटीबीपी के शहीदों और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जवानों की नक्सल विरोधी अभियानों में कड़ी मेहनत और साहस को सराहा। साथ ही, उन्होंने सैनिकों को देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और अस्थिरता फैलाने वाली ताकतों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
गणतंत्र दिवस के इस खास मौके पर आईटीबीपी के 16 पदाधिकारियों को पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया, जिनमें से 3 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 13 को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया।
सेनानी राकेश कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की।